सारण पुलिस ने होटलों और बैंकों में सघन जांच अभियान चलाया
सारण, 18 अप्रैल (हि.स.)। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर जिले में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला अंतर्गत विभिन्न थाना क्षेत्रों के होटलों एवं रेस्टोरेंट्स में औचक छापेमारी और जांच अभियान चलाया गया।
पुलिस टीम ने होटलों में ठहरने वाले व्यक्तियों के पहचान पत्रों का भौतिक सत्यापन किया और गेस्ट हाउस के रजिस्टरों एवं अन्य अभिलेखों की सूक्ष्मता से जांच की। दूसरी ओर अपराध नियंत्रण एवं वित्तीय सुरक्षा के मद्देनजर एसएसपी के निर्देशन में सभी थानों द्वारा बैंक चेकिंग अभियान भी जारी है।
पुलिस अधिकारी बैंकों में सुरक्षा उपकरणों, सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों में कोताही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस सक्रियता को आम नागरिकों ने सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

