सारण पुलिस को आई आर ए डी पोर्टल का दिया गया प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
सारण पुलिस को आई आर ए डी पोर्टल का दिया गया प्रशिक्षण


सारण पुलिस को आई आर ए डी पोर्टल का दिया गया प्रशिक्षण


सारण, 22 अप्रैल (हि.स.)। जिले में सड़क दुर्घटना कांडों के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निष्पादन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देशन में शहर के भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में आई आर ए डी/ ई डी ए आर पोर्टल के संचालन को लेकर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय एवं पुलिस उपाधीक्षक यातायात के संयुक्त नेतृत्व में संपन्न हुआ। इसमें जिले के सभी थानों के अपर थानाध्यक्ष, डाटा सेंटर प्रभारी और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यशाला का मुख्य फोकस सड़क दुर्घटनाओं के डेटा को पोर्टल पर ससमय प्रविष्ट करने और तकनीकी बारीकियों को समझने पर रहा।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत पीड़ितों को लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया, मुआवजा प्रस्ताव तैयार करने की मानक विधि और चालान संबंधी नवीनतम प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने पोर्टल संचालन के व्यावहारिक पहलुओं को समझाते हुए कार्य निष्पादन में तेजी लाने के निर्देश दिए।

इस आयोजन का मूल उद्देश्य पुलिस बल को तकनीकी और प्रक्रियात्मक रूप से इतना सक्षम बनाना है कि दुर्घटना से जुड़े मामलों का निपटारा समयबद्ध तरीके से हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story