सारण में दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

WhatsApp Channel Join Now
सारण में दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध


सारण, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में विधि-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है।

वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126, 129, 135 तथा अपराध नियंत्रण अधिनियम सीसीए तीन के तहत कड़ी निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

विभिन्न थानों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों को नोटिस जारी किए गए हैं।आगामी दुर्गा पूजा के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी पूजा पंडालों में पुलिस पदाधिकारियों की टैगिंग की गई है, साथ ही पूरे जिले में महिला पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।

सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का उपयोग होगा और पुलिसकर्मी बॉडी वार्न कैमरे से सुसज्जित रहेंगे ताकि आम जनता और पुलिस के आपसी व्यवहार पर नजर रखी जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी पूजा पंडालों के लाइसेंस निर्गत हैं और जुलूस के रूट व समय सत्यापित हैं।

शोभायात्रा मार्ग में पड़ने वाले मकानों का भी सत्यापन किया गया है ताकि किसी भी स्थिति में जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा, जिले में डीजे के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। एसएसपी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शांति एवं सौहार्द के माहौल में दुर्गा पूजा मनाएं और प्रशासन को पूरा सहयोग दें।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762210 Articles

Share this story