अखिल भारतीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर छपरा के खिलाड़ियों ने लहराया परचम
सारण, 09 सितंबर (हि.स.)। शहर के सरस्वती विद्या मंदिर के खिलाड़ियों ने भोपाल में आयोजित अखिल भारतीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 9 पदक अपने नाम किए हैं। मध्य प्रदेश के भोपाल में संपन्न हुई इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता में छपरा के दर्शन नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं ने अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
बिहार क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए विद्यालय के खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण, तीन रजत और पांच कांस्य पदक जीतकर राष्ट्रीय पटल पर छपरा का गौरव बढ़ाया है। प्रतियोगिता के अंडर-17 बालक वर्ग में अमन देव ने बेहतरीन प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि पीयूष गुप्ता और हर्ष कुमार ने कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं, अंडर-17 बालिका वर्ग में अनन्या जायसवाल और सलोनी सिंह ने रजत पदक तथा अनन्या शर्मा, सुहानी सिंह और जीविका सिंह ने कांस्य पदक जीते।
इसके अलावा अंडर-19 बालिका वर्ग में राज नंदनी ने शानदार खेल दिखाते हुए रजत पदक पर कब्जा जमाया।
खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर विद्यालय परिवार और पूरे छपरा क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह परिणाम खिलाड़ियों के कड़े अनुशासन और निरंतर अभ्यास का प्रतीक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

