अमनौर में आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

WhatsApp Channel Join Now
अमनौर में आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम


सारण, 10 अक्टूबर (हि.स.)। अमनौर थाना क्षेत्र के खोड़ीपाकड़ भेल्दी सोन्हो मार्ग पर पिछले चार दिनों से गिरे टूटे बिजली के पोल और खुले तारों को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और बिजली विभाग के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि चार दिन बीत जाने के बाद भी बिजली विभाग और प्रशासन पूरी तरह लापरवाह बना हुआ है। सड़क पर लटक रहे और गिरे तारों में करंट दौड़ रहा है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इस व्यस्त मार्ग पर कई बार अधिकारियों को फोन करने के बावजूद कोई सुध नहीं ली गई।

सड़क जाम के कारण इस व्यस्त मार्ग पर कारों, ट्रकों और अन्य वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अमनौर थाना प्रभारी विमलेश कुमार पुलिस बल और 112 की टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

थाना प्रभारी ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया और बिजली विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर जल्द बिजली व्यवस्था सुचारू कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटा लिया, जिससे आवागमन बहाल हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story