बनियापुर में अनियंत्रित स्कॉर्पियो पोल व दुकान में घुसी एक युवक की मौत, दो घायल
सारण, 26 अगस्त (हि.स.)। बनियापुर थाना क्षेत्र के टेढ़ीघाट के पास पैगंबरपुर-जनता बाजार सड़क पर बीती देर रात एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो बिजली के पोल से टकराकर दुकान में जा घुसी। दुर्घटना में स्कॉर्पियो सवार एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों का इलाज निजी क्लिनिक में चल रहा है। मृतक की पहचान लौवाँ खुर्द निवासी जीतन राय के 21 वर्षीय पुत्र दीपक राय के रूप में हुई है। दीपक अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और पिता के कोयला व्यवसाय में हाथ बंटाता था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक दोस्तों के साथ स्कॉर्पियो से घर लौट रहा था, तभी वाहन अनियंत्रित हो गया। हादसे में सड़क किनारे बैठा एक आर्केस्ट्रा संचालक भी वाहन की चपेट में आ गया। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

