सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का द्विवार्षिक चुनाव हेतु 29 सितंबर से नामांकन
सारण, 24 सितंबर (हि.स.)। बिहार विधान परिषद के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 की घोषणा के साथ ही क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
निर्वाची पदाधिकारी-सह-आयुक्त, सारण प्रमंडल द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में निर्वाचन कार्यक्रम एवं तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा की गई। यह आचार संहिता निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 तक प्रभावी रहेगी।
जारी कार्यक्रम के अनुसार अधिसूचना व नामांकन प्रारंभ 29 सितंबर, नामांकन की अंतिम तिथि 06 अक्टूबर पूर्वाह्न 11:00 से अपराह्न 3:00 बजे तक, संवीक्षा 07 अक्टूबर, नाम वापसी की अंतिम तिथि 09 अक्टूबर, मतदान तिथि व समय 23 अक्टूबर पूर्वाह्न 8:00 से अपराह्न 4:00 बजे तक और मतगणना 27 अक्टूबर 2026 निर्धारित किया गया है।
नामांकन पत्र आयुक्त सारण प्रमंडल के न्यायालय कक्ष में दाखिल किए जाएंगे। प्रत्याशी को पर्चा भरने के लिए निर्वाचन क्षेत्र की अंतिम निर्वाचक सूची में शामिल कम से कम 10 प्रस्तावकों की आवश्यकता होगी।
इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 10,731 मतदाता जिनमें 8,877 पुरुष एवं 1,854 महिला हैं। मतदान प्रक्रिया के लिए कुल 98 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें सारण में 20, सिवान में 19, गोपालगंज में 14, पूर्वी चंपारण में 27 तथा पश्चिमी चंपारण में 18 केंद्र शामिल हैं। चुनाव मतपत्र एवं मतपेटिकाओं के माध्यम से निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराया जाएगा।
अभ्यर्थियों को सभा, रैली, वाहन तथा लाउडस्पीकर की अनुमति पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर देने के लिए जिला स्तर पर सिंगल विंडो सिस्टम की व्यवस्था की गई है। आयुक्त ने सारण, सिवान, गोपालगंज, पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण के जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सभी तैयारियों की समीक्षा की और चुनाव को स्वच्छ, पारदर्शी व शांतिपूर्ण वातावरण में कराने का निर्देश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

