छपरा में आयोजित हुआ नीतीश संवाद, उपमुख्यमंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां

WhatsApp Channel Join Now
छपरा में आयोजित हुआ नीतीश संवाद, उपमुख्यमंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां


छपरा में आयोजित हुआ नीतीश संवाद, उपमुख्यमंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां


छपरा में आयोजित हुआ नीतीश संवाद, उपमुख्यमंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां


सारण, 24 नवंबर (हि.स.)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की तिथि 24 नवंबर 2005 के उपलक्ष्य में आज भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में जनता दल यूनाइटेड की ओर से सुशासन दिवस नीतीश संवाद नामक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू के जिलाध्यक्ष बैद्यनाथ प्रसाद सिंह विकल ने की, जबकि बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि 24 नवंबर 2005 बिहार के इतिहास का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जब सुशासन, विकास और सामाजिक न्याय के नए दौर की शुरुआत हुई।

उन्होंने कहा कि उस दौर में कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक थी, लेकिन मजबूत इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व ने स्थिति को बदला। आज सड़कों का विस्तार, गांव-गांव तक बिजली, महिला सशक्तीकरण, छात्र-छात्राओं की योजनाएं और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उसी बदलाव की गवाह हैं।

उन्होंने कहा कि राजनीति केवल सत्ता के लिए नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का माध्यम बनी। पंचायती राज व नगर निकायों में महिला आरक्षण और जीविका समूहों के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को सुदृढ़ करने की अपील की।

एकमा विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले और आज के बिहार में स्पष्ट अंतर दिखता है तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचा है।मांझी विधायक रणधीर सिंह ने कहा कि सुशासन का अर्थ समय पर न्याय, सुरक्षा और योजनाओं का लाभ देना है, जिससे युवा, महिलाएं, किसान और गरीब मुख्यधारा से जुड़े हैं।

बिहार विधान परिषद के पूर्व उपसभापति सलीम परवेज ने कहा कि सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और समावेशी विकास को प्राथमिकता देकर राज्य की तस्वीर बदली गई है।वहीं विधान पार्षद प्रो (डॉ) वीरेंद्र नारायण यादव ने कहा कि यह कार्यकाल बिहार के विकास का महत्वपूर्ण अध्याय है, जिसका प्रभाव आने वाली पीढ़ियों तक दिखेगा।

अध्यक्षीय संबोधन में जिलाध्यक्ष बैद्यनाथ प्रसाद सिंह विकल ने अतिथियों व कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि सुशासन दिवस का उद्देश्य विचारों और नीतियों को हर वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ़ बताते हुए एकजुटता के साथ काम करने का आह्वान किया और आयोजन की सफलता के लिए आभार जताया।

इस अवसर पर एकमा विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह, मांझी विधायक रणधीर सिंह, विधान पार्षद प्रो (डॉ) वीरेंद्र नारायण यादव, विधान परिषद के पूर्व उपसभापति सलीम परवेज, पूर्व विधायक छोटे लाल राय, पूर्व अध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, जिला प्रवक्ता ब्रजेश कुमार, मुख्यालय प्रभारी ई. प्रभाष शंकर, मनोज कुमार सिंह, चंद्रभूषण पंडित, कुसुम देवी, गुड्डी जायसवाल, कुसुम रानी सहित अन्य जदयू के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बिहार में सुशासन और विकास की यात्रा को आगे बढ़ाने तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782376 Articles

Share this story