सारण में राष्ट्रीय पोषण माह का हुआ शुभारंभ
सारण, 09 सितंबर (हि.स.)। जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के निर्देशानुसार आज से राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का वर्चुअल शुभारंभ हो गया है। यह अभियान 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चलाया जाएगा, जिसका मुख्य उद्देश्य पोषण को एक जन-आंदोलन का रूप देना है।
इस वर्ष के पोषण माह की थीम हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी रखी गई है। इसके तहत आंगनबाड़ी केंद्रों को बाल विकास और पोषण गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा। अभियान में समाज कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायती राज और जीविका समेत कई विभागों की संयुक्त भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय स्तर पर पौष्टिक आहार, आहार विविधता, गर्भवती व धात्री माताओं की देखभाल तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभों पर विशेष जोर दिया जाएगा। जिला प्रशासन ने विद्यालयों, स्वास्थ्य संस्थानों और पंचायतों के माध्यम से बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास को लेकर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं ताकि कुपोषण मुक्त समाज का निर्माण हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

