परसा में खेत में पानी पटाने के दौरान करंट लगने से मां-बेटे की मौत

WhatsApp Channel Join Now
परसा में खेत में पानी पटाने के दौरान करंट लगने से मां-बेटे की मौत


सारण, 23 सितंबर (हि.स.)। परसा प्रखंड के नगर पंचायत परसा बाजार के वार्ड संख्या आठ स्थित खोजौली और शोभे परसा गांव के बीच बैंगन के खेत में पानी पटाने के दौरान बिजली के करंट की चपेट में आने से मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतकों की पहचान डेरनी थाना क्षेत्र के खोजौली गांव निवासी जयप्रकाश सिंह की पत्नी रिंकू देवी और उनके पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार खेत में पानी पटाने के दौरान राहुल अचानक मोटर के नंगे प्रवाहित तार के संपर्क में आ गया। बेटे को छटपटाता देख मां रिंकू देवी उसे बचाने दौड़ीं और वे भी करंट की चपेट में आ गयीं। ग्रामीणों की मदद से दोनों को परसा के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story