सारण में माही नदी का तटबंध टूटा प्रशासन ने शुरू किया राहत व बचाव कार्य

WhatsApp Channel Join Now
सारण में माही नदी का तटबंध टूटा प्रशासन ने शुरू किया राहत व बचाव कार्य


सारण, 06 सितंबर (हि.स.)। जिले के गड़खा से पट्टी शीतलपुर की ओर जाने वाली मही नदी का तटबंध टूटने से ग्रामीणों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। मोहन कोठियां गांव के समीप स्थित सिमरहिया बांध रविवार की सुबह अचानक टूट गया, जिससे आसपास के इलाकों में तेजी से पानी फैलने लगा। इस घटना के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

तटबंध टूटने से मोहन कोठिया, घोरहो कोठिया, मुजौना, धर्मागत, जैतीपुर और रामपुर समेत कुल आठ गांव गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं। जलभराव के कारण ग्रामीणों को आवागमन, खेती-बारी और दैनिक जीवन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

सूचना मिलते ही प्रशासनिक तंत्र हरकत में आ गया। डीएम वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी रौशन कुमार ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों के निर्देश पर कटाव को रोकने के लिए युद्धस्तर पर कटाव निरोधी कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार नजर बनाए हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story