खड़गे की बयान ने उजागर की कांग्रेस नेतृत्व की सोच: राजीव प्रताप रूडी

WhatsApp Channel Join Now
खड़गे की बयान ने उजागर की कांग्रेस नेतृत्व की सोच: राजीव प्रताप रूडी


सारण, 26 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के हालिया बयान पर बेहद तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इस टिप्पणी को अत्यंत निंदनीय, चिंताजनक और देश की लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार करने वाला करार दिया है।

सांसद कार्यालय से जारी विज्ञप्ति में रूडी ने कहा कि लोकतंत्र में पक्ष-विपक्ष, संविधान और राष्ट्रपति की अपनी महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन इस पूरी व्यवस्था में देश के प्रधानमंत्री की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। मल्लिकार्जुन खरगे जैसे अनुभवी नेता से सार्वजनिक जीवन में अधिक जिम्मेदार और मर्यादित भाषा की अपेक्षा की जाती है। उनके द्वारा जिस प्रकार के शब्दों का उपयोग किया गया, उसे मैं दोहराना नहीं चाहता, उनके इस बयान को पूरे देश और दुनिया ने देखा है।

रूडी ने कहा कि खरगे के इस बयान के पीछे उनकी उम्र का तकाजा, मानसिकता या भीतर का द्वेष है, यह गंभीर विचार का विषय है। कांग्रेस की वर्तमान राजनीतिक स्थिति का स्पष्ट असर उसके नेतृत्व की भाषा और आचरण में दिखाई दे रहा है। यदि कांग्रेस नेतृत्व इसी सोच और भाषा के साथ आगे बढ़ता रहा, तो आने वाले समय में पार्टी के अस्तित्व और राजनीतिक प्रासंगिकता पर गंभीर प्रश्न खड़े होना तय है।

सांसद रूडी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस अध्यक्ष का यह बयान देशवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं को कतई स्वीकार्य नहीं है। राजनीतिक विरोध और वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, पर भाषा की मर्यादा और संवैधानिक पदों की गरिमा से समझौता नहीं किया जा सकता। अंत में उन्होंने सलाह दी कि कांग्रेस नेतृत्व को आत्ममंथन करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767050 Articles

Share this story