जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में छात्राओं ने जीता स्वर्ण पदक

WhatsApp Channel Join Now
जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में छात्राओं ने जीता स्वर्ण पदक


जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में छात्राओं ने जीता स्वर्ण पदक


जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में छात्राओं ने जीता स्वर्ण पदक


सारण, 30 सितंबर (हि.स.)। जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय की छात्राओं ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा, अनुशासन और जुझारूपन का लोहा मनवाया है। छात्राओं के इस शानदार प्रदर्शन से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।

शतरंज प्रतियोगिता के अंडर-19 बालिका वर्ग में कक्षा 10 की छात्रा काजल कुमारी ने अपने उत्कृष्ट बौद्धिक कौशल का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस स्वर्णिम जीत के साथ ही काजल ने आगामी प्रमंडलीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है।

जय प्रकाश विश्वविद्यालय में आयोजित एथलेटिक्स स्पर्धाओं में भी छात्राओं ने अपनी चमक बिखेरी। अंडर-17 वर्ग की प्रीति कुमारी ने 100 व 200 मीटर दौड़ के फाइनल में पहला स्थान हासिल किया। वहीं अंडर-14 वर्ग में राधिका कुमारी ने 100 मीटर में तीसरा व 200 मीटर में चौथा स्थान पाया। शॉटपुट थ्रो अंडर-17 में ममता कुमारी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि स्नेहा कुमारी अंडर-19 ने डिस्कस थ्रो में तीसरा और शॉटपुट में चौथा स्थान हासिल किया।

कबड्डी प्रतियोगिता के अंडर-17 और अंडर-19 दोनों वर्गों में विद्यालय की टीमों ने शानदार खेल दिखाते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। खेल भवन में आयोजित इन मुकाबलों के दौरान डीबीईओ मृत्युंजय कुमार और अनुमंडल पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सह विद्यालय नोडल पदाधिकारी निवेदिता तिवारी ने उपस्थित रहकर बच्चियों का उत्साहवर्धन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story