सारण में उद्योग संवाद आयोजित, उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
सारण में उद्योग संवाद आयोजित, उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश


सारण, 29 नवंबर (हि.स.)। जिला प्रशासन के तत्वावधान में आज समाहरणालय स्थित सभागार में उद्योग संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था और नगर पुलिस अधीक्षक, सारण ने की।इसका उद्देश्य उद्यमियों एवं औद्योगिक इकाइयों को विभागीय समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी मंच देना और संचालन एवं विस्तार की बाधाओं को दूर करना था।

संवाद के दौरान उद्यमियों ने विद्युत आपूर्ति व कनेक्शन, औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत संरचना, सड़क व्यवस्था, प्रदूषण नियंत्रण, ड्रग लाइसेंस व अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण-पत्र, श्रम प्रक्रियाओं, निबंधन, भूमि-राजस्व तथा अन्य विभागीय अनुमतियों से जुड़ी समस्याएं विस्तार से रखीं। संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ इन मुद्दों पर बिंदुवार चर्चा हुई।

अध्यक्षता कर रहे पदाधिकारियों ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उद्यमियों की समस्याओं का नियमानुसार त्वरित व प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि उद्योग आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और स्थानीय गतिविधियों को गति देते हैं, इसलिए प्रशासनिक विलंब या समन्वय की कमी से बाधा नहीं आनी चाहिए।

लंबित मामलों की समय-सीमा में समीक्षा और स्वीकृतियां पूरी करने का निर्देश देते हुए स्पष्ट किया गया कि उद्यमियों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। बैठक में नए निवेश, एमएसएमई प्रोत्साहन, सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार सृजन पर विशेष बल दिया गया। प्रशासन ने उद्यमियों को अनुकूल माहौल और त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785289 Articles

Share this story