सारण में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए सारण तटबंध का जिलाधिकारी व एसएसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 26 अगस्त (हि.स.)। संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने सारण तटबंध के किमी 40.00 से 80.00 तक का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तटबंध वर्तमान में पूरी तरह सुरक्षित पाया गया।

अधिकारियों ने पानापुर, तरैया, अमनौर और मकेर में चिह्नित आश्रय स्थलों तथा सामुदायिक किचन के लिए चयनित स्थानों का जायजा लिया। डीएम ने कार्यपालक अभियंता को संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में सैंड बैग और कटाव निरोधी सामग्री मुस्तैद रखने का निर्देश दिया।

प्रशासन ने सभी एसडीओ, बीडीओ और सीओ को तटबंधों की निरंतर निगरानी का आदेश दिया है। तटबंध और नदी तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क करने के लिए माइकिंग कराने तथा उन्हें पशुओं सहित सुरक्षित आश्रय स्थलों पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

साथ ही कर्मियों की जिम्मेदारी तय करने और सामुदायिक किचन के लिए वेंडर चयन सहित सभी तैयारियां आज ही पूरी करने का सख्त निर्देश दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story