सारण में मिशन कायाकल्प के तहत 4,641 योजनाओं की पोर्टल पर हुआ प्रविष्टि

WhatsApp Channel Join Now
सारण में मिशन कायाकल्प के तहत 4,641 योजनाओं की पोर्टल पर हुआ प्रविष्टि


सारण, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय सभागार में आज जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया।

इस दौरान राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान मिशन कायाकल्प के तहत जिले में चल रही विकास और बुनियादी ढांचा सुधार योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट साझा की गई।

जिला प्रशासन के अनुसार, जिले में मिशन कायाकल्प के तहत अब तक कुल 4,641 योजनाओं की पोर्टल पर प्रविष्टि की जा चुकी है। इस वृहद अभियान में ग्रामीण विकास, पंचायती राज, शिक्षा, आईसीडीएस, कल्याण और नगर विकास एवं आवास विभाग की विभिन्न योजनाएं शामिल हैं।

शिक्षा विभाग की पहलों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि जिले के कुल 2,196 प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में कंपोजिट ग्रांट के माध्यम से जरूरी अनुरक्षण कार्य कराए जा रहे हैं।

इसके अलावा, पंचायती राज और ग्रामीण विकास विभागों के माध्यम से विद्यालयों में नए कक्षों का निर्माण, शौचालय व किचन शेड की मरम्मत, सामुदायिक भवनों का रंग-रोगन और आंगनबाड़ी केंद्रों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रगति की जानकारी देते हुए बताया गया कि जिले की 475 सार्वजनिक परिसंपत्तियों जैसे पीएचसी और एपीएचसी को इस अभियान में शामिल किया गया है।

इनमें से 154 योजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 274 योजनाओं पर काम तेजी से प्रक्रियाधीन है। शेष 47 योजनाओं पर भी शीघ्र ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मिशन कायाकल्प के अंतर्गत सभी प्रकार के मरम्मत और अनुरक्षण कार्य 30 नवंबर तक जबकि सभी नए निर्माण कार्य 31 मार्च 2027 तक हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएंगे।

इस अभियान का उद्देश्य सरकारी परिसंपत्तियों की स्थिति में सुधार कर आम जनता को बेहतर, सुगम एवं उच्च गुणवत्ता वाली जनसुविधाएं प्रदान करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762210 Articles

Share this story