छपरा जंक्शन पहुंचे ट्रेन से 2.35 लाख की शराब बरामद
सारण, 17 सितंबर (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की संयुक्त टीम ने छपरा जंक्शन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन से लावारिस शराब बरामद की है। वरिष्ठ मण्डल सुरक्षा आयुक्त तथा सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा के निर्देशन में यह चेकिंग अभियान चलाया गया।
छपरा जंक्शन पर अजमेर- किशनगंज गरीब नवाज एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म संख्या चार पर पहुंचते ही सीपीडीएस आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने एम चार कोच की तलाशी ली। चेकिंग के दौरान लावारिस हालत में रखे सात पिट्ठू बैग और एक ट्रॉली बैग मिले।
इनकी जांच करने पर विभिन्न ब्रांडों की कुल 130 बोतलें जिनमें 97.250 लीटर अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 2,35,530 रुपए है। मामले में जीआरपी छपरा द्वारा कांड पंजीकृत कर आगे की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

