सारण में अनियंत्रित टेलर और टोटो के टक्कर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार की मौत

WhatsApp Channel Join Now
सारण में अनियंत्रित टेलर और टोटो के टक्कर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार की मौत


सारण में अनियंत्रित टेलर और टोटो के टक्कर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार की मौत


सारण, 24 अगस्त (हि.स.)। छपरा-रेवा मुख्य मार्ग पर भेल्दी थाना क्षेत्र के सोनहो टोल प्लाजा के पास बीती रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के अनुसार मकेर प्रखंड के सुल्तानगंज निवासी फारूक मियां अपने परिवार के साथ गरखा से इलेक्ट्रिक ऑटो में वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान मुजफ्फरपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार टेलर ट्रक ने बिजली के पोल को तोड़ते हुए टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो के परखच्चे उड़ गए और सड़क किनारे जा रहा एक साइकिल सवार भी इसकी चपेट में आ गया।

दुर्घटना में सुल्तानगंज निवासी फारूक मियां, उनकी बहू संजीदा खातून और पोती सना परवीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति की भी जान चली गई। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं। वहीं ढाई वर्ष के मासूम अंशयाजाम की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद छपरा सदर अस्पताल भेजा गया है।

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने एनएच-722 पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही मढ़ौरा डीएसपी और मकेर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर करीब एक घंटे बाद यातायात बहाल कराया। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story