सारण में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में चार आरोपित गिरफ्तार
सारण, 21 अक्टूबर (हि.स.)। सारण जिले के एक गांव में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी चार नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में छपरा जेल भेज दिया है।
पीड़िता बाजार से सामान खरीदकर पैदल घर लौट रही थी, तभी रास्ते में चंवर के पास युवकों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और बीच-बचाव करने पहुंचे युवक के साथ मारपीट की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रौशन कुमार के निर्देश पर मढ़ौरा-2 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर छापेमारी कर सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कराकर मेडिकल चेकअप हेतु सदर अस्पताल छपरा भेज दिया है। सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की सुरक्षा के प्रति पुलिस प्रतिबद्ध है और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

