पूर्व राज्यसभा सांसद आर.के. सिन्हा का निधन, छपरा के राजनीतिक व कारोबारी जगत में शोक की लहर
सारण, 30 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य, भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राज्यसभा सांसद, जाने-माने उद्योगपति और एसआईएस समूह के संस्थापक चेयरमैन डॉ. आर.के. सिन्हा का शुक्रवार को नोएडा स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक, सामाजिक और कारोबारी जगत में गहरी शोक है। डॉ. सिन्हा ने एसआईएस की स्थापना कर बिहार सहित देशभर के हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए और उनके जीवन को बेहतर बनाया। सार्वजनिक जीवन और रोजगार सृजन के क्षेत्र में उनका यह बहुमूल्य योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष रणजीत कुमार सिंह एवं प्रवक्ता अधिवक्ता प्रकाश रंजन नीकू ने संयुक्त रूप से कहा कि डॉ. सिन्हा के प्रस्थान से सामाजिक, राजनीतिक एवं औद्योगिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। भूतपूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष रामदयाल शर्मा ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भारतीय जनसंघ, भाजपा एवं कई संगठन को उन्होंने जिस निष्ठा से संगठन को सींचा। उनके निधन से पार्टी सहित कई संघ, संगठनों को अपूरणीय क्षति हुई है जिसकी भरपाई असंभव है।
शोक व्यक्त करने वालों में संस्कार भारती के उत्तर बिहार महामंत्री सुरभित दत्त सिन्हा, ऑटोमोबाइल उद्योगपति धनंजय श्रीवास्तव, आरएसएस के पूर्व प्रचारक राजेश चंद्र मिश्रा, पवन कुमार श्रीवास्तव, दुर्गेश बिहारी, मुकेश कुमार वर्मा, चंद्रशेखर जायसवाल, शैलेंद्र कुमार सिंह, अजय राम, सत्येंद्र कुमार सिंह, नंदकुमार यादव, मदनजीत शरण और पप्पू रंजन कुमार शर्मा सहित जिले के तमाम सामाजिक संगठनों व गणमान्य लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

