दीपावली और छठ पूजा पर वाराणसी मंडल ने छपरा जंक्शन समेत प्रमुख स्टेशनों पर किए व्यापक प्रबंध

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 05 नवंबर (हि.स.)। दीपावली एवं लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन में छपरा जंक्शन सहित मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

रेलवे जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि मंडल नियंत्रक कक्ष के साथ छपरा जंक्शन सहित अन्य स्टेशनों पर 24 घंटे निगरानी के लिए मिनी कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। स्टेशनों पर हेल्प डेस्क, ट्रेन डिस्प्ले सिस्टम और सीसीटीवी कैमरों से ट्रेनों के परिचालन की सतत निगरानी हो रही है।

यात्रियों की सुविधा के लिए होल्डिंग एरिया में मोबाइल टिकट वितरण इकाइयों से टिकट दिए जा रहे हैं। प्रतीक्षा के लिए बनाए गए यात्री आश्रयों में पेयजल, मोबाइल चार्जिंग, प्रकाश और बैठने की उत्तम व्यवस्था की गई है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के तहत रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी, डॉग स्क्वॉड और महिला सुरक्षा टीमों को तैनात किया गया है। नगर निगम के सहयोग से अतिरिक्त मोबाइल शौचालय लगाए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल स्टाफ और प्राथमिक उपचार बॉक्स मुस्तैद रखे गए हैं।

ट्रेनों के समयबद्ध संचालन के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित प्लेटफॉर्मों में अनावश्यक बदलाव न किया जाए। रेल मदद पोर्टल के जरिए शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। मंडल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पूर्ण पालन करें और रेलवे ट्रैक पार करने से बचें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772993 Articles

Share this story