छपरा के सुनारपट्टी में दुकान की तीसरी मंजिल पर लगी आग
सारण, 18 सितंबर (हि.स.)। शहर के व्यस्ततम सुनारपट्टी क्षेत्र स्थित राजेश प्रसाद की दुकान की तीसरी मंजिल पर अचानक भीषण आग लग गई। घटना के समय दुकान मालिक नीचे ही मौजूद थे। बताया जा रहा है कि आग ऊपरी मंजिल पर स्थित किचन से शुरू हुई, जिसका प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
सूचना मिलते ही अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सूरज कुमार के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की दो बड़ी और एक छोटी गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सूरज कुमार ने बताया कि संकरी गली होने के कारण दमकलकर्मियों ने स्थानीय निवासियों के सहयोग से बगल के मकान की छत पर चढ़कर मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
समय रहते तत्परता दिखाने से एक बड़ा हादसा टल गया और कोई हताहत नहीं हुआ। पीड़ित व्यवसायी के अनुसार इस अगलगी में लगभग 2 से 2.5 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम के मेयर लक्ष्मी नारायण गुप्ता, उपमहापौर प्रतिनिधि धर्मनाथ पिंटू और सीए अमित कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित दुकान मालिक से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

