विधायक छोटी कुमारी से रिविलगंज के किसानों ने लगान वृद्धि के फैसले पर रोक लगाने की मांग की

WhatsApp Channel Join Now
विधायक छोटी कुमारी से रिविलगंज के किसानों ने लगान वृद्धि के फैसले पर रोक लगाने की मांग की


विधायक छोटी कुमारी से रिविलगंज के किसानों ने लगान वृद्धि के फैसले पर रोक लगाने की मांग की


सारण, 23 अगस्त (हि.स.)। रिविलगंज प्रखंड के गौतम ऋषि आश्रम के प्रांगण में रविवार को रिविलगंज एवं आसपास के मौजा क्षेत्रों के किसानों की एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में उत्तरवारी चक्की, दक्षिणवारी चक्की, नवबरार बैजूटोला, लोहा टोला, डिग्री सुधा, मेहताना, जजीरा 36 और सिताबदियारा मौजा के बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य मार्च 2026 से जमीन के लगान में की गई अप्रत्याशित सात गुना वृद्धि और उससे उत्पन्न आर्थिक समस्याओं से स्थानीय जनप्रतिनिधियों व सरकार को अवगत कराना था। किसानों ने अपनी समस्याएं स्थानीय विधायक छोटी कुमारी के समक्ष विस्तार से रखीं।

किसानों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा एक फसल वाली जमीन पर दो फसल के हिसाब से लगान वसूला जा रहा है।

इसके अतिरिक्त, बालू युक्त भूमि तथा घाघरा नदी के बहाव क्षेत्र वाली जमीन पर भी भारी-भरकम लगान थोप दिया गया है। किसानों ने यह भी शिकायत की कि वर्ष 1956 से लगातार रसीद कटने वाली जमीनों को अचानक टोपो लैंड घोषित कर दिया गया है, जो सरासर अन्यायपूर्ण है।

किसानों ने विधायक के माध्यम से बिहार सरकार के भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर न्यायसंगत समाधान की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

विधायक छोटी कुमारी ने किसानों को आश्वस्त किया कि वे इस मुद्दे को संबंधित अधिकारियों और बिहार सरकार के समक्ष मजबूती से उठाएंगी। बैठक में प्रो. बैजनाथ सिंह, बिपिन बिहारी सिंह, अनिल कुमार सिंह, मुक्तिनाथ प्रसाद, शत्रुघ्न सिंह, मुखिया अनुरंजन कुमार समेत कई गणमान्य लोग व किसान उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story