सोनपुर मेला 2026 की तैयारियों को लेकर मेला समिति की हुई बैठक

WhatsApp Channel Join Now
सोनपुर मेला 2026 की तैयारियों को लेकर मेला समिति की हुई बैठक


सोनपुर मेला 2026 की तैयारियों को लेकर मेला समिति की हुई बैठक


सारण, 29 अगस्त (हि.स.)। आगामी 23 नवंबर 2026 को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर शुरू होने वाले सुप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला की पूर्व तैयारियों को लेकर शनिवार को समाहरणालय परिसर में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मेला समिति की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित मेला समिति के सदस्यों ने मेले को अधिक सुव्यवस्थित, भव्य, सुरक्षित एवं आकर्षक बनाने हेतु विभिन्न प्रशासनिक तथा व्यावहारिक सुझाव प्रस्तुत किए।

जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र की मुख्य सड़कों, नए वैकल्पिक मार्गों, वाहन पार्किंग, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, शौचालयों, चेंजिंग रूम तथा साफ-सफाई की उत्तम व्यवस्था समय रहते पूरी की जाए। सड़क निर्माण एवं रखरखाव के लिए आरसीडी, आरडब्ल्यूडी तथा स्थानीय नगर पंचायत को परस्पर समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्य करने का आदेश दिया गया। जिलाधिकारी ने संपूर्ण मेला परिसर में स्वच्छता बनाए रखने को प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता घोषित किया।

सोनपुर मेले की पौराणिक पहचान पशु मेला एवं पशु प्रदर्शनी को भव्य रूप प्रदान करने तथा बाबा हरिहरनाथ मंदिर में आयोजित होने वाली महाआरती व धार्मिक कार्यक्रमों को और अधिक सुव्यवस्थित करने पर विशेष बल दिया गया। दुकानों, स्टॉलों एवं पंडालों को सुगम व पहचान योग्य बनाने के लिए कलर कोडिंग लागू करने की बात कही गई। सभी आवश्यक टेंडर प्रक्रियाएं पूर्व में ही पूर्ण कर मुख्य आयोजन से दो दिन पहले संपूर्ण मेला क्षेत्र को पूरी तरह सुसज्जित करने का निर्देश नजारत शाखा को जारी किया गया।

दिन के समय पर्यटकों को आकर्षित करने हेतु विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की योजना डीडीसी एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी द्वारा तैयार की जाएगी। मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा स्थानीय निवासियों के सुगम आवागमन हेतु विशेष पास या लाइसेंस निर्गत करने का निर्णय लिया गया। बैठक में सोनपुर विधायक, अनुमंडल प्रशासन एवं मेला समिति के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि यह मेला हमारी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर है, अतः सभी विभाग समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तैयारियां पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story