सारण में प्रधानमंत्री ई-ड्राइव योजना के तहत 14 स्थानों पर लगेंगे ईवी फास्ट चार्जिंग स्टेशन : जिला परिवहन पदाधिकारी
सारण, 22 अगस्त (हि.स.)। जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और हरित परिवहन को मजबूत करने की दिशा में एक पहल की गई है। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री ई-ड्राइव योजना के तहत जिले में 14 प्रमुख स्थानों पर अत्याधुनिक ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए स्थलों का चयन पूरा कर लिया गया है। इस कदम से जिले में प्रदूषण मुक्त यातायात को एक नई दिशा मिलेगी।
जिला परिवहन पदाधिकारी लतीफुर रहमान के अनुसार ये चार्जिंग स्टेशन बड़े महानगरों की तर्ज पर तैयार किए जाएंगे। जिले में तीन अलग-अलग श्रेणियों स्टेशन स्थापित होंगे। इन उच्च क्षमता वाले स्टेशनों की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि मात्र 30 मिनट में वाहनों की बैटरी पूरी तरह चार्ज हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में शहर के पांच अति-महत्वपूर्ण और व्यस्ततम स्थानों को चिह्नित किया गया है, जिनमें राजेंद्र कॉलेज के आसपास, सदर अस्पताल के पास, नगर निगम कार्यालय परिसर में, राजेंद्र पार्क के पास जिलाधिकारी कार्यालय परिसर शामिल है।
इनके अलावा जिले के अन्य 9 महत्वपूर्ण स्थानों को भी अंतिम रूप दिया गया है। परिवहन विभाग के अनुसार, वर्तमान में अन्य संभावित क्षेत्रों का सर्वे जारी है और आवश्यकतानुसार भविष्य में इन स्टेशनों की संख्या में और बढ़ोतरी की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

