जिला विधिक सेवा प्राधिकार सारण ने किया निबंध प्रतियोगिता का आयोजन
सारण, 06 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण के तत्वावधान में राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विधिक जागरूकता सह निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य विषय घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम 2005 रखा गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने भाग लिया और निबंध के माध्यम से विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को महिलाओं के विधिक अधिकारों, घरेलू हिंसा से बचाव के कानूनी प्रावधानों तथा समाज में महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मी भारतेन्दु त्रिपाठी, सूरज पाण्डेय एवं विजेंद्र कुमार सिंह उपस्थित रहे। छात्राओं को संबोधित करते हुए प्राधिकार कर्मियों ने बताया कि कानून महिलाओं को घरेलू हिंसा से सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ त्वरित विधिक सहायता, आवास और भरण-पोषण का भी अधिकार देता है।
उन्होंने जानकारी दी कि किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार की स्थिति में पीड़ित महिला नि:शुल्क विधिक सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क कर सकती है। प्रतियोगिता को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा कर्मियों का सराहनीय योगदान रहा। प्राधिकार द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रोत्साहित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

