रिविलगंज में पीपीपी मॉडल से चालू होगा विद्युत शवदाह गृह: जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
रिविलगंज में पीपीपी मॉडल से चालू होगा विद्युत शवदाह गृह: जिलाधिकारी


सारण, 31 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें विद्युत शवदाह गृहों की स्थिति की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि रिविलगंज स्थित विद्युत शवदाह गृह की मरम्मत का कार्य पूर्ण हो चुका है, लेकिन नियमित संचालन व्यवस्था अभी बाकी है।

इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पीपीपी मोड के तहत एजेंसी का चयन कर इसे शीघ्र और नियमित रूप से शुरू कराने का निर्देश दिया।

वहीं, दिघवारा घाट पर विद्युत शवदाह गृह निर्माण से संबंधित मामले पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने अंचल अधिकारी को संबंधित स्थल की अविलंब मापी कराकर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया। बैठक में जिले के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story