सांसद राजीव प्रताप रूडी के प्रयासों से सारण में तीन नए बाईपास का रास्ता साफ

WhatsApp Channel Join Now
सांसद राजीव प्रताप रूडी के प्रयासों से सारण में तीन नए बाईपास का रास्ता साफ


सारण, 18 नवंबर (हि.स.)। जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और जाम की समस्या से छुटकारा दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी की पहल पर जिले के तीन प्रमुख बाजारों में नए बाईपास निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

सांसद कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सांसद रूडी द्वारा 30 अक्टूबर को जिलाधिकारी को लिखे गए पत्र के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने डेरनी-बेला फैक्ट्री के निकट एनएच-73 की ओर, मढ़ौरा बाजार और डेरनी बाजार में बाईपास बनाने का सुझाव दिया था।

इस पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने 2 नवंबर 2026 को कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल, सोनपुर को तीनों स्थलों का निरीक्षण कर विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार करने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने इंजीनियरों को भूमि उपलब्धता और भू-अर्जन की स्थिति का आकलन कर प्रशासनिक व तकनीकी स्वीकृति के लिए रिपोर्ट भेजने को कहा है।

सांसद रूडी ने बताया कि सारण में गड़खा, परसा, अमनौर बाईपास और रिविलगंज-बिशुनपुरा चार लेन बाईपास समेत कई सड़क परियोजनाएं पहले से स्वीकृत हैं। इसके अलावा छपरा बाईपास के एनएच-19 खंड में तीन अतिरिक्त लेन और मेडिकल कॉलेज तक चार लेन सड़क का निर्माण भी शामिल है।

इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने से प्रमुख बाजारों और शहरी क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होगा, जिससे स्थानीय लोगों व व्यापारियों को जाम से स्थायी राहत मिलेगी और आवागमन सुरक्षित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779350 Articles

Share this story