सारण के दुर्गा पूजा में पुलिस दीदी और बाइक क्यूआरटी संभालेंगी विधि-व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण की कमान
सारण, 13 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी दुर्गा पूजा के दौरान जिले में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए सारण पुलिस सतर्क है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस केंद्र में अभया ब्रिगेड, पुलिस दीदी और बाइक क्यूआरटी टीम को विशेष निर्देश दिए गए।
पुलिस उपाधीक्षक द्वारा इन टीमों को पूजा पंडालों, भीड़भाड़ वाले बाजारों, प्रमुख चौक-चौराहों और विसर्जन मार्गों पर निगरानी रखने को कहा गया है। महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर संवेदनशील स्थानों पर विशेष गश्ती बढ़ाने पर जोर दिया गया। पुलिस दीदी के वाहनों को पंडालों से संबद्ध कर दिवा एवं संध्याकालीन गश्ती प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
गश्ती दल को छेड़छाड़, अशोभनीय व्यवहार और अशांति फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है। साथ ही, श्रद्धालुओं को डायल-112 सेवा के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। सारण पुलिस ने सभी नागरिकों से शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

