सारण के सभी प्रखंडों में ऑनलाइन नशामुक्ति अभियान शुरू
सारण, 18 जून (हि.स.)। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा नशा मुक्त भारत सप्ताह के तहत एक ऑनलाइन नशामुक्ति शपथ अभियान की शुरुआत की गई है।
इस कार्यक्रम का आयोजन जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों में किया गया।
जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत आम नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ लेने के लिए निरंतर प्रेरित किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने आमजन की सुविधा के लिए एक क्यूआर कोड जारी किया है, जिसे स्कैन करके कोई भी व्यक्ति सीधे ऑनलाइन जुड़कर नशामुक्ति का संकल्प ले सकता है।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस डिजिटल अभियान से जुड़ें। इस पहल का उद्देश्य आमजन की सहभागिता सुनिश्चित कर नशा मुक्त भारत अभियान विकसित भारत की पहचान के राष्ट्रीय संकल्प को धरातल पर साकार करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

