छपरा मंडल कारा में जिलाधिकारी और एसएसपी ने बंदियों का लगाया दरबार
सारण, 22 सितंबर (हि.स.)।जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, द्वारा मंगलवार को संयुक्त रूप से मंडल कारा, छपरा का गहन निरीक्षण किया गया। इस दौरान जेल प्रशासन में हड़कंप का माहौल रहा।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने मंडल कारा परिसर में बंदियों के लिए विशेष दरबार का आयोजन किया।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ नीना झा बताया कि दरबार में बंदियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं, मूलभूत आवश्यकताओं और शिकायतों को अधिकारियों के समक्ष विस्तार से रखा। जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने बंदियों की हर बात को गंभीरतापूर्वक सुना और उपस्थित संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी समस्याओं के शीघ्र निवारण का कड़ा निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने कारा की समग्र सुरक्षा व्यवस्था, परिसरों की साफ-सफाई, बंदियों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता, पेयजल तथा स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बंदियों को नियमानुसार सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध कराई जाएं और इन व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से अधिकारियों ने कारा के सभी संवेदनशील स्थलों का मुआयना किया। पुलिस अधीक्षक एवं जिलाधिकारी ने कारा नियमों का कड़ाई से पालन कराने, संवेदनशील हिस्सों में सीसीटीवी एवं सुरक्षा गश्त से नियमित निगरानी रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह अभेद्य बनाए रखने हेतु संबंधित जेल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

