सारण डीएम ने हीट वेव काे लेकर स्कूलों काे जारी किया आदेश

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 22 अप्रैल (हि.स.)। जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण लू की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा के लिए कड़ा कदम उठाया है। जिला दंडाधिकारी वैभव श्रीवास्तव द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों के समय को प्रतिबंधित कर दिया गया है।

नए निर्देशों के तहत कक्षा 5 तक की सभी कक्षाएं दोपहर 11:30 बजे के बाद संचालित नहीं होंगी। वहीं कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों के लिए दोपहर 12:30 बजे के बाद किसी भी प्रकार की शैक्षणिक गतिविधि पर पूर्ण रोक लगा दी गई है।

जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया है कि जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश 24 अप्रैल से 28 अप्रैल तक प्रभावी रहेगा। अभिभावकों और स्कूल संचालकों को इस आदेश का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है ताकि बच्चों को लू के खतरे से बचाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story