सारण जिला प्राथमिक शिक्षक संघ ने दिया धरना

WhatsApp Channel Join Now
सारण जिला प्राथमिक शिक्षक संघ ने दिया धरना


सारण जिला प्राथमिक शिक्षक संघ ने दिया धरना


सारण, 30 अप्रैल (हि.स.)। जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार और शिक्षकों की लंबित समस्याओं को लेकर आज सारण जिला प्राथमिक शिक्षक संघ ने एकदिवसीय धरना दिया। जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के समक्ष आयोजित एकदिवसीय धरना में जिले भर से आए सैकड़ों शिक्षकों ने विभाग की कार्यशैली के खिलाफ अपना आक्रोश प्रकट किया। दोपहर 1:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक चले इस धरने की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने की जबकि मंच संचालन प्रधान सचिव दिनेश कुमार सिंह द्वारा किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा यदि हमारी न्यायसंगत मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो यह प्रदर्शन केवल एक ट्रेलर है अभी असली लड़ाई बाकी है।

प्रधान सचिव दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि संगठन की मांगों की अनदेखी करना शिक्षा विभाग के अधिकारियों के लिए भविष्य में ठीक नहीं होगा। शिक्षकों ने मुख्य रूप से राघवेंद्र शर्मा बनाम राज्य सरकार मामले में पारित आदेश के आलोक में अहर्ताधारी शिक्षकों को प्रोन्नति देने, स्नातक एवं प्रधानाध्यापक पद पर छूटे हुए शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ देने और विशिष्ट व प्रधान शिक्षकों के बकाया वेतन भुगतान की मांग की। इसके अतिरिक्त शिक्षकों ने शहरी आवास भत्ता, ईपीएफओ का बकाया भुगतान और प्रधान शिक्षकों को वेतन संरक्षण का लाभ देने की भी पुरजोर वकालत की।

धरना स्थल पर जुटे शिक्षकों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। सभा को संरक्षक ब्रजेश कुमार सिंह, प्रदीप प्रभाकर, केदार राय और कमलेश कुमार सिंह सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि विभाग भ्रष्टाचार मुक्त हो और शिक्षकों के आर्थिक व मानसिक उत्पीड़न पर तत्काल रोक लगे। धरने के अंत में एक मांग पत्र भी सौंपा गया, जिसमें जल्द समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की बात कही गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story