सारण जिला ओलंपिक संघ ने मनाई मेजर ध्यानचंद की जयंती, खिलाड़ियों को किया सम्मानित
सारण, 29 अगस्त (हि.स.)। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सारण जिला ओलंपिक संघ द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संघ ने अपने पूर्ववर्ती खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं मार्गदर्शक स्वर्गीय बैजनाथ सिंह तथा स्वर्गीय समीउल्लाह अंसारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए याद किया।
समारोह में खेल जगत में विभिन्न खेलों के माध्यम से राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में सारण जिले का नाम रोशन करने वाले पूर्व तथा वर्तमान खिलाड़ियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सारण जिला ओलंपिक संघ की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया।
सर्वसम्मति से मुकेश यादव को अध्यक्ष तथा सभापति बैठा को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अतिरिक्त उपाध्यक्ष पद पर हरेंद्र दास एवं प्रवीण कुमार , संयुक्त सचिव पद पर शक्ति, अभय प्रकाश, ममता कुमारी एवं कुणाल कुमार , कोषाध्यक्ष मिराज खान, कार्यकारिणी सदस्य के पद पर निर्मल ठाकुर, गोलू कुमार, सुरभि दत्त, जाकिर अली, के.के. सिंह, सिन्हा, सतीश कुमार एवं अमित कुमार को बनाया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभूति नारायण शर्मा, मदन सिंह एवं नागेंद्र सिंह सहित खेल जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

