ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने का जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने दिया निर्देश, स्टॉक का किया मिलान

WhatsApp Channel Join Now
ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने का जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने दिया निर्देश, स्टॉक का किया मिलान


सारण, 25 नवंबर (हि.स.)। ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। जिलाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने बुधवार को सदर प्रखंड के पास स्थित ईवीएम वेयरहाउस का संयुक्त मासिक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने भंडारण से लेकर निगरानी व्यवस्था तक का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान इन्वेंट्री रजिस्टर की जांच कर मशीनों के स्टॉक का मिलान किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि वेयरहाउस में रेडी-टू-यूज ईवीएम रखी गई हैं, जिनकी सुरक्षा में कोई चूक न हो। उन्होंने मशीनों को सीलबंद रखकर डबल लॉक सिस्टम के तहत सुरक्षित रखने पर जोर दिया।

एसएसपी ने सीसीटीवी, कंट्रोल रूम और सुरक्षा बलों की तैनाती की समीक्षा कर चौबीसों घंटे सक्रिय निगरानी तथा लॉग बुक में नियमित प्रविष्टि के निर्देश दिए। इस दौरान उप निर्वाची पदाधिकारी जावेद इकबाल, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783090 Articles

Share this story