गंडक के बढ़ते जलस्तर पर सारण जिला प्रशासन अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
गंडक के बढ़ते जलस्तर पर सारण जिला प्रशासन अलर्ट


गंडक के बढ़ते जलस्तर पर सारण जिला प्रशासन अलर्ट


गंडक के बढ़ते जलस्तर पर सारण जिला प्रशासन अलर्ट


सारण, 28 सितंबर (हि.स.)। नेपाल में हो रही बारिश के कारण गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग द्वारा जारी वर्षा और आंधी के पूर्वानुमान को देखते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने प्रशासनिक तैयारियों की गहन समीक्षा की। गंडक नदी में अब तक लगभग 3 लाख क्यूसेक पानी पहुंच चुका है, जबकि 1.5 लाख क्यूसेक अतिरिक्त पानी आने की संभावना है।

स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अगले दो-तीन दिनों तक हाई अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। समीक्षा बैठक के दौरान गंडक नदी से प्रभावित होने वाले जिले के 7 तटवर्ती प्रखंडों में जलस्तर, तटबंधों की मजबूती और संभावित बाढ़ प्रभावित आबादी के लिए की गई पूर्व तैयारियों का जायजा लिया गया।

जिलाधिकारी ने तटबंधों की सतत निगरानी और पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं, ताकि रात के समय भी जलस्तर बढ़ने पर स्थिति पर काबू पाया जा सके। जलस्तर बढ़ने की सूरत में नदी और तटबंध के बीच बसे लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, राहत शिविरों और सामुदायिक रसोई की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

दरियापुर प्रखंड में लगभग 100 घरों के करीब 500 लोगों के प्रभावित होने की आशंका के आधार पर खाद्यान्न का अतिरिक्त स्टॉक कर लिया गया है। त्वरित राहत कार्य के लिए वेंडर्स को शॉर्ट नोटिस पर सामग्री उपलब्ध कराने हेतु चिन्हित किया गया है। स्थानीय विकास मित्रों, मुखियाओं और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर निगरानी की जा रही है।

इसके अतिरिक्त, वर्षा और तेज आंधी की चेतावनी को देखते हुए सभी अंचल अधिकारियों द्वारा क्षेत्रों में माइकिंग करवाकर आमजन को जागरूक किया जा रहा है। लोगों से आंधी-पानी के दौरान घरों में ही रहने और सुरक्षित स्थानों पर आश्रय लेने की अपील की गई है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, बस पूर्व तैयारियों के साथ सतर्कता बरतने की जरूरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story