छपरा में सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना 27 को

WhatsApp Channel Join Now
छपरा में सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना 27 को


सारण, 26 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार विधान परिषद के निर्वाचन क्षेत्र संख्या तीन सारण शिक्षक निर्वाचन की मतगणना कल 27 अक्टूबर को प्रातः 08:00 बजे से छपरा स्थित सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय और राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शुरू होगी।

मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

सारण प्रमंडल आयुक्त कार्यालय के दिशा-निर्देशों के तहत मतगणना केंद्र पर कुल 14 गणना टेबल और 01 एआरओ टेबल स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक गणना टेबल पर एक गणना पर्यवेक्षक तथा दो गणना सहायकों की तैनाती की गई है। मतदान सामग्रियों की सुरक्षा, बज्रगृह से मतगणना हॉल तक आवाजाही और संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी सुनिश्चित की गई है।

प्रारंभिक चरण में मतपेटिकाओं को प्राप्त कर चार्ट से मिलान किया जाएगा और पेपर सील की जांच के बाद मतपत्रों को 25-25 के बंडलों में व्यवस्थित कर मिश्रित किया जाएगा, जिससे निष्पक्षता बनी रहे। इसके बाद वैध, अवैध और संदिग्ध मतों का वर्गीकरण कर प्रथम वरीयता के आधार पर मतों की गणना होगी।

एआरओ टेबल पर डेटा एंट्री ऑपरेटरों द्वारा कंप्यूटर में आंकड़े दर्ज किए जाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग की अनुमति मिलने के बाद ही अंतिम परिणाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। मतगणना समाप्ति के बाद सभी प्रयुक्त व अप्रयुक्त मतपत्रों और अभिलेखों को नियमानुसार सील किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767050 Articles

Share this story