जेपीयू में 24वीं राष्ट्रीय संगोष्ठी एनएसडी 2026 का समापन

WhatsApp Channel Join Now
जेपीयू में 24वीं राष्ट्रीय संगोष्ठी एनएसडी 2026 का समापन


जेपीयू में 24वीं राष्ट्रीय संगोष्ठी एनएसडी 2026 का समापन


सारण, 28 नवंबर (हि.स.)। जय प्रकाश विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय फेरोइलेक्ट्रिक्स एवं डाईइलेक्ट्रिक्स पर 24वीं राष्ट्रीय संगोष्ठी (24th NSFD-2026) का समापन विज्ञान भवन स्थित सेमिनार हॉल में हुआ। समापन से पूर्व पूर्वाह्न में दो तकनीकी सत्र आयोजित किए गए, जिनमें देश-विदेश के वैज्ञानिकों ने शोध व्याख्यान दिए। सप्तम तकनीकी सत्र की अध्यक्षता डॉ दिनेश कुमार शुक्ला कंसोर्टियम फॉर साइंटिफिक रिसर्च, इंदौर तथा सह-अध्यक्षता डॉ होशियार सिंह मुंड भौतिकी विभाग, जेपीयू ने की।

इसमें अमेरिका के इलिनॉय अर्बाना-शैंपेन विश्वविद्यालय के डॉ रणवीर सिंह ने आमंत्रित व्याख्यान आईटी-8 और इंदौर के डॉ राम जनय चौधरी ने मुख्य व्याख्यान केएल-3 प्रस्तुत किया। अष्टम सत्र की अध्यक्षता डॉ राम जनय चौधरी व सह-अध्यक्षता डॉ पप्पू यादव ने की, जिसमें डॉ दिनेश कुमार शुक्ला तथा महिंद्रा विश्वविद्यालय, हैदराबाद के प्रो मुर्तजा बोहरा ने विशेष व्याख्यान आईटी-9 व आईटी-10 दिए।

समापन समारोह में जेपीयू के कुलपति प्रो डॉ परमेंद्र कुमार बाजपेई, डॉ राम जनय चौधरी, वेरिएबल एनर्जी साइक्लोट्रॉन सेंटर (वीईसीसी), कोलकाता के प्रो अजय कुमार हिमांशु, विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो के. पी. श्रीवास्तव तथा संयोजक व विभागाध्यक्ष प्रो डॉ गुणसागर यादव मंचासीन रहे। संचालन डॉ अनमोल ठाकुर ने किया।

समापन सत्र में डॉ. राम जनय चौधरी ने प्रो अजय कुमार हिमांशु के साथ मिलकर जेपीयू के शोधार्थियों को यूजीसी-डीएई कंसोर्टियम फॉर साइंटिफिक रिसर्च इंदौर और वीईसीसी कोलकाता की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं में शोध के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने घोषणा की कि वहां शोध हेतु जाने वाले शोधार्थियों को निःशुल्क आवास और यात्रा व्यय की सुविधा मिलेगी।

अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. बाजपेई ने संगोष्ठी की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए भौतिकी विभाग व आयोजन समिति को बधाई दी तथा कहा कि इससे शोधार्थियों के लिए नए द्वार खुलेंगे। अंत में प्रो. गुणसागर यादव ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784740 Articles

Share this story