सिविल सर्जन ने मधुमेह जांच अभियान के जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी

WhatsApp Channel Join Now
सिविल सर्जन ने मधुमेह जांच अभियान के जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी


सारण, 17 नवंबर (हि.स.)। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मधुमेह और उच्च रक्तचाप की समय रहते पहचान व रोकथाम के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। सिविल सर्जन डॉ राज कुमार चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को रवाना किया। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर यह अभियान 30 नवंबर तक चलाया जा रहा है, जिसकी थीम अर्ली एक्शन ऑन डायबिटीज यानी मधुमेह पर समय रहते कार्रवाई है।

अभियान के तहत सदर अस्पताल, अनुमंडलीय व रेफरल अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर स्वास्थ्य उपकेंद्रों और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर तक नि:शुल्क जांच सह चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में आने वाले लोगों की ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की अनिवार्य जांच हो रही है।

एनसीडीओ डॉ भूपेंद्र कुमार ने बताया कि 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों और जिनके परिवार में मधुमेह का इतिहास रहा है, उन्हें अपनी जांच पर विशेष ध्यान देना चाहिए। शुरुआती दौर में इसके लक्षण स्पष्ट नहीं होते, इसलिए नियमित जांच बेहद जरूरी है। संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर इसके खतरे को कम किया जा सकता है।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों को शिविरों के सफल संचालन और आवश्यक उपकरणों-दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता का निर्देश दिया है। इस अवसर पर डीपीएम अरविन्द कुमार और सीडीओ डॉ. आरपी सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778766 Articles

Share this story