छपरा नगर निगम द्वारा आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में बच्चों ने ली स्वच्छता की शपथ

WhatsApp Channel Join Now
छपरा नगर निगम द्वारा आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में बच्चों ने ली स्वच्छता की शपथ


छपरा नगर निगम द्वारा आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में बच्चों ने ली स्वच्छता की शपथ


सारण, 18 सितंबर (हि.स.)। स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत छपरा नगर निगम द्वारा बृजकिशोर किंडरगार्डन में विद्यार्थियों के लिए स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों को सफाई, कचरे के सही निपटान और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में बच्चों को चार धाराओं में कचरा पृथक्करण की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें समझाया गया कि गीले और सूखे कचरे को स्रोत पर ही अलग रखने से कचरे का बेहतर प्रसंस्करण और पुनर्चक्रण संभव हो पाता है, जो स्वच्छ शहर के निर्माण के लिए अति आवश्यक है।

इस अवसर पर स्वच्छता ज्ञान यात्रा का भी आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों ने रोचक तरीके से स्वच्छता के गुण सीखे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को स्वच्छता को दैनिक आदत बनाने के लिए प्रेरित किया, जिसके बाद बच्चों को अपने घर, विद्यालय और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में महापौर, उप महापौर के प्रतिनिधि, उप नगर आयुक्त, स्वच्छता पदाधिकारी, सिटी मैनेजर तथा विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि बच्चे समाज में स्वच्छता संदेश के सबसे प्रभावी वाहक हैं और ऐसे प्रयासों से स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप दिया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story