छपरा विधायक छोटी कुमारी ने क्षेत्र में विकास के लिए मुख्यमंत्री से किया मुलाकात
सारण, 15 अक्टूबर (हि.स.)। छपरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक छोटी कुमारी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात किया। मुलाकात के दौरान विधायक ने छपरा के विकास, आवागमन, जलजमाव, किसानों के हितों और ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण से जुड़े कई विषय प्रमुखता से उठाए।
मुलाकात के दौरान रिविलगंज से सिताबदियारा के बीच पीपा पुल का निर्माण शीघ्र कराने की मांग सबसे अहम रही। विधायक ने बताया कि इस पुल के बनने से दोनों क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा और आम जनता को आवागमन में भारी सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए जल्द ही एस्टीमेट तैयार कराकर संबंधित विभाग को भेजने का आश्वासन दिया है।
इसके अलावा, विधायक ने छपरा और आसपास के पौराणिक व धार्मिक स्थलों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण का मुद्दा उठाया। उन्होंने भगवान हनुमान जी के ननिहाल, गौतम ऋषि स्थान, अहिल्या उद्धार स्थल और श्रृंगी ऋषि आश्रम जैसे रामायण काल से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों के विकास की मांग की। उन्होंने इन स्थलों को राम सर्किट में शामिल कर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने का आग्रह किया।
यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए विधायक ने जगदम कॉलेज रेलवे ढाला पर रेल ओवरब्रिज निर्माण के साथ-साथ भिखारी ठाकुर, गड़खा और रामनगर ढाला की समस्याओं के समाधान की मांग की। उन्होंने छपरा से पटना के बीच दो जोड़ी नई पैसेंजर या इंटरसिटी ट्रेनों के परिचालन और ब्रह्मपुर रेलवे ढाला संख्या-53 पर सिग्नल को 100 मीटर आगे स्थानांतरित करने का अनुरोध भी किया।
शहर में प्रत्येक वर्ष विकराल रूप लेने वाली जलजमाव की समस्या पर चिंता जताते हुए उन्होंने रेलवे लाइन के किनारे स्थित मुख्य नालों की सफाई और बुडको की अधूरी परियोजनाओं की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की। साथ ही सिताबदियारा में तटबंध निर्माण और किसानों की भूमि के वर्गीकरण से जुड़ी समस्याओं के समाधान का भी आग्रह किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

