विभागीय बैठकों में छपरा विधायक छोटी कुमारी ने उठाई बिजली, स्कूल और पुल की समस्याएं

WhatsApp Channel Join Now
विभागीय बैठकों में छपरा विधायक छोटी कुमारी ने उठाई बिजली, स्कूल और पुल की समस्याएं


विभागीय बैठकों में छपरा विधायक छोटी कुमारी ने उठाई बिजली, स्कूल और पुल की समस्याएं


सारण, 29 सितंबर (हि.स.)। छपरा विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर स्थानीय विधायक छोटी कुमारी ने बिहार विधानसभा की विभिन्न विभागीय बैठकों में अपनी समस्याएं रखी। विधायक छोटी कुमारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि उन्होंने ऊर्जा, शिक्षा और ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों के समक्ष अपने क्षेत्र की बुनियादी जरूरतों और समस्याओं को प्रमुखता से दर्ज कराया।

ऊर्जा विभाग की बैठक में विधायक ने छपरा नगर, सदर एवं ग्रामीण इलाकों में नए बिजली कनेक्शन में आ रही जटिलताओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यमवर्गीय आवेदकों को अनावश्यक कागजी प्रक्रियाओं और आवेदनों के निरस्त होने के कारण दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।

विधायक ने इस प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने की मांग करते हुए कहा कि आवेदनों की त्रुटियों की स्पष्ट जानकारी दी जाए ताकि पात्र उपभोक्ताओं को तुरंत कनेक्शन मिल सके। साथ ही घनी आबादी वाले शहरी क्षेत्रों में हादसों की रोकथाम के लिए 11 केवी लाइन में कवर्ड वायर लगाने की मांग की।

शिक्षा विभाग की बैठक में उन्होंने साढ़ा उत्तरी नवसृजित प्राथमिक विद्यालय के भवन निर्माण और करिंगा पंचायत के वार्ड 01 से 06 के बीच नए प्राथमिक विद्यालय की स्थापना का विषय रखा। इसके अलावा, नगर निगम के वार्ड संख्या-45 में बंद पड़े सरकारी विद्यालय को पुनः चालू कराने पर जोर दिया, ताकि बच्चों को दूर न जाना पड़े।

विधायक के आग्रह पर विभाग ने स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। ग्रामीण कार्य विभाग के समक्ष विधायक ने मोहब्बत परसा क्षेत्र में क्षतिग्रस्त जर्जर पुल का मामला उठाया। विभाग ने तत्काल एक टीम को स्थल निरीक्षण के लिए रवाना कर दिया।

विधायक ने निरीक्षण के बाद शीघ्र मरम्मत कार्य कराने का निर्देश दिया। विधायक छोटी कुमारी ने दोहराया कि छपरा की जनसमस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और वे जनता के अधिकारों के लिए सदन से लेकर विभाग तक लगातार प्रयासरत रहेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story