मांझी थाना क्षेत्र में नदी से मिला लापता युवक का शव
सारण, 09 सितंबर (हि.स.)। मांझी थाना क्षेत्र के नचाप गांव के समीप बोहटा नदी से बुधवार को एक युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान लालपुर गांव निवासी सुरेश राय के पुत्र और कीर्तन मंडली के गायक कलाकार संतोष राय के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार संतोष बीते रविवार को तीन दोस्तों के साथ कलान बाजार मछली खरीदने गया था और उसी दिन से लापता था। मंगलवार को परिजनों ने थाने में उसकी हत्या की आशंका जताते हुए आवेदन दिया था। बुधवार को बोहटा नदी में शव उपला देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मांझी थानाध्यक्ष विनोद कुमार और सदर एसडीपीओ-2 प्रेमचंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है। परिजनों ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

