सेवा ज्योति कार्यक्रम के तहत छपरा में निकाली गई साइकिल रैली
सारण, 23 सितंबर (हि.स.)। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आज सेवा ज्योति यात्रा के अंतर्गत साइकिल रैली का आयोजन किया गया। शहर के राजेंद्र स्टेडियम से प्रातः 07:00 बजे शुरू हुई इस यात्रा में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं तथा भारत स्काउट एवं गाइड के कैडेट्स ने उत्साह के साथ भाग लिया।
यह साइकिल यात्रा राजेंद्र स्टेडियम से प्रारंभ होकर थाना चौक और नगरपालिका चौक होते हुए पुनः राजेंद्र स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें बी. सेमिनरी, सारण ऐकडमी जिला स्कूल, लक्ष्मी नारायण उच्च विद्यालय और डी.ए.वी. मध्य विद्यालय सहित छपरा के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में सेवा भावना, सामाजिक सहभागिता, अनुशासन एवं सामुदायिक दायित्व के प्रति जागरूकता फैलाना है। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने आमजन को सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। छात्र-छात्राओं के इस उत्साहजनक प्रयास ने समाज को सकारात्मक ऊर्जा और एकजुटता का एक सुंदर संदेश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

