सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर शिवमय हुआ सारण
सारण, 11 मई (हि.स.)। सोमनाथ मंदिर की पुनर्निर्माण के गौरवशाली 75 वर्ष और मंदिर की स्थापना के 1000 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर पूरा देश सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उल्लास में डूबा है।
इसी कड़ी में बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा सारण जिले के प्रमुख शिवालयों में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा पूजा, अर्चना, अभिषेक कर किया गया, जिसका सीधा प्रसारण जिले के विभिन्न मंदिरों में दिखाया गया। जिला कला संस्कृति पदाधिकारी विभा भारती ने बताया कि सोनपुर के विश्व प्रसिद्ध हरिहरनाथ मंदिर, मढ़ौरा सिलौड़ी के बाबा सील निधि मंदिर और सदर प्रखंड स्थित बाबा धर्मनाथ मंदिर में विशेष प्रबंध किए गए थे। श्रद्धालुओं ने लाइव प्रसारण के माध्यम से गुजरात स्थित सोमनाथ महादेव के साक्षात् दर्शन किए और उत्सव का आनंद उठाया।
इस पावन अवसर पर मंदिरों का वातावरण भक्ति संगीत, स्तुति गान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से शिवमय हो गया। स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत शिव भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। जिला प्रशासन द्वारा सुव्यवस्थित इंतजामों के बीच भारी संख्या में भक्तों ने सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालु राजेश्वर कुवर ने बताया की आजादी के अमृत काल में यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और स्वाभिमान को भी नई ऊंचाई प्रदान कर गया। जिला प्रशासन की इस ऐतिहासिक पहल का उन्होंने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

