हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के पशु बाजार में पौने दो लाख रुपए तक बिके घोड़े

WhatsApp Channel Join Now
हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के पशु बाजार में पौने दो लाख रुपए तक बिके घोड़े


हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के पशु बाजार में पौने दो लाख रुपए तक बिके घोड़े


सारण, 26 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में पारंपरिक पशु मेला में देश-विदेश से आए पशु प्रेमियों, पशुपालकों और व्यापारियों की भीड़ उमड़ रही है, जिससे पशुओं की खरीद-बिक्री ने रफ्तार पकड़ ली है।

पशुपालन विभाग की ओर से जारी दैनिक आकड़ों के अनुसार मेले में अब तक कुल 1,585 घोड़ों की आमद दर्ज की गई है। इनमें से 327 घोड़ों की बिक्री हो चुकी है, जिसमें अकेले 25 नवंबर को 133 घोड़े बिके। बाजार में घोड़ों की कीमत न्यूनतम 85,000 रुपये से लेकर अधिकतम 1,85,000 रुपये तक दर्ज की गई है।

इसके अलावा मेले में 15 गायें, 07 बैल, 05 भैंसें और 156 कुत्ते भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। बकरी और भेड़ बाजार में भी अच्छी चहल-पहल है, कुल 372 की उपस्थिति में से 177 की बिक्री हो चुकी है, जिसमें 25 नवंबर को 86 बकरी-भेड़ बिके। इनका मूल्य 3,500 रुपये से 37,000 रुपये के बीच रहा।

पशुओं के स्वास्थ्य की देखरेख के लिए विभाग ने पुख्ता चिकित्सा व्यवस्था की है। मेला परिसर में अब तक 35 पशुओं का उपचार किया गया है, जिनमें 25 नवंबर को 07 पशुओं का इलाज शामिल है।

वहीं, सोनपुर स्थित विशेष शिविर के माध्यम से 25 नवंबर को 49 तथा अब तक कुल 132 पशुओं को चिकित्सा सुविधा दी गई है। इस प्रकार दोनों केंद्रों से अब तक कुल 167 चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं। जिला प्रशासन एवं पशुपालन विभाग द्वारा व्यापारियों और पशुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story