छपरा के रास्ते भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
छपरा के रास्ते भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी


सारण, 09 नवंबर (हि.स.)। जिले में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्री संपर्क को सुदृढ़ करने की दिशा में सारण सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी के प्रयासों से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भुज-बरौनी के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस (19427/19428) के परिचालन को स्वीकृति दे दी है। यह आधुनिक ट्रेन छपरा जंक्शन से होकर गुजरेगी और यहाँ इसका ठहराव होगा।

सांसद राजीव प्रताप रूडी ने बताया कि यह रेल सेवा गुजरात और बिहार के बीच सीधा संपर्क स्थापित करेगी। भुज से बरौनी के बीच चलने वाली यह पहली ऐसी रेल सेवा होगी, जो लगभग 2,532 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के महत्वपूर्ण शहरों व जंक्शनों को जोड़ेगी। सप्ताह में तीन दिन संचालित होने वाली इस ट्रेन से पश्चिमी और पूर्वी भारत के बीच यात्रा का उत्कृष्ट विकल्प मिलेगा।

छपरा जंक्शन सारण, सीवान और गोपालगंज जिलों के यात्रियों के लिए प्रमुख केंद्र है। इस अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन से सारण प्रमंडल के लाखों यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आरामदायक यात्रा का लाभ मिलेगा और क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774432 Articles

Share this story