हत्या मामले में एक और आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
हत्या मामले में एक और आरोपित गिरफ्तार


सारण, 29 अगस्त (हि.स.)। पुलिस को मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड के मुख्य गवाह की हत्या के मामले में एक और सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल एक अन्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 29 जून 2026 को मुफस्सिल थाना क्षेत्र में दोहरे हत्याकांड के गवाह की हत्या से संबंधित एक आवेदन प्राप्त हुआ था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने मुफस्सिल थाना कांड संख्या-464/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अनुसंधान शुरू किया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर एक के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। विशेष जांच टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पूर्व में ही घटना में संलिप्त चार अप्राथमिकी आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।

इसी अनुसंधान और छापेमारी के क्रम में पुलिस टीम ने मामले में शामिल एक और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जमुना गांव निवासी रणजीत सिंह के पुत्र अनुज कुमार के रूप में हुई है।

इस पूरी कार्रवाई में मुफ्फसिल थानाध्यक्ष तथा थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे। पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रतर विधि-सम्मत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story