सोनपुर मेला में 22 नवंबर से शुरू होगी ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता
सारण, 20 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने आमजन के लिए ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता शुरू करने की घोषणा की है। यह पहल लोगों को मेले के धार्मिक, आध्यात्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व से जोड़ने के उद्देश्य से लाई गई है।
प्रतियोगिता 22 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 तक चलेगी। प्रतिभागियों को प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 11 बजे के बीच जिला प्रशासन सारण के आधिकारिक फेसबुक पेज पर प्रश्न मिलेंगे। सही जवाब देने वाले प्रतिभागियों में से हर सप्ताह रैंडमाइज प्रक्रिया से विजेताओं का चयन होगा।
चयनित विजेताओं को सोनपुर मेला-2026 के मुख्य मंच से सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा। बच्चों, युवाओं के लिए यह विरासत व संस्कृति जानने का बेहतर अवसर है। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक लोगों से सहभागिता की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

