सारण कृषि विभाग ने जारी किए उर्वरक उपलब्धता के आंकड़े
सारण, 28 मार्च (हि.स.)। जिले के किसानों के लिए खेती-बाड़ी की राह आसान करते हुए किसी विभाग पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। विभाग ने यह स्पष्ट किया है कि जिले में खाद की कोई कमी नहीं है और उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। विभाग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार वर्तमान में जिले में 6857.62 मीट्रिक टन यूरिया, 3616.35 मीट्रिक टन डीएपी, 2641.30 मीट्रिक टन एनपीके, 396.90 मीट्रिक टन पोटाश और 683.20 मीट्रिक टन एसएसपी उपलब्ध है। उर्वरकों की कालाबाजारी, मुनाफाखोरी और अवैध जमाखोरी को रोकने के लिए विभाग सख्त रुख अपनाए हुए है। जिन प्रतिष्ठानों के पास पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध है। वहाँ संबंधित प्रखंड कृषि पदाधिकारी और कृषि समन्वयक-सह-उर्वरक निरीक्षक की नियमित प्रतिनियुक्ति की जा रही है। जिला प्रशासन ने अब तक जिले के 585 प्रतिष्ठानों पर सघन छापामारी की है।
इस दौरान जिन दुकानों में अनियमितता पाई गई उनके विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश 1986 की सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उपलब्ध उर्वरक और संबंधित प्रतिष्ठानों की सूची एन आई सी सारण की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। किसान अपने क्षेत्र के विक्रेताओं की जानकारी वहाँ से प्राप्त कर सकते हैं। जिला कृषि विभाग ने किसानो से अपील की है कि वे निर्धारित मूल्य से अधिक पर उर्वरक न खरीदें। यदि कोई दुकानदार जमाखोरी या अधिक मूल्य की मांग करता है, तो इसकी शिकायत तुरंत जिला हेल्प डेस्क नंबर 06152-248042 पर या अपने संबंधित प्रखंड कृषि पदाधिकारी से करें। प्रशासन का लक्ष्य है कि बिना किसी बाधा के प्रत्येक किसान तक सही दाम पर खाद पहुँच सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

